राष्ट्रीय सचिव बनने पर धर्मेंद्र तिवारी ने संजय झा से की मुलाकात, जताया आभार

रांची: जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी को राष्ट्रीय सचिव सह पश्चिम बंगाल प्रभारी बनाए जाने के बाद उन्होंने पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा से उनके पटना स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान श्री तिवारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार एवं युवा नेता श्री निशांत कुमार से भी मुलाकात करेंगे।
इस अवसर पर श्री तिवारी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पूरा करेंगे। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ झारखंड में भी पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। दोनों राज्यों के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा अधिक से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय उनके आदर्श हैं। उनका मार्गदर्शन उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उनके अनुभव, विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर उनके मार्गदर्शन में झारखंड में जनता दल (यूनाइटेड) संगठन को संवारने और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो जी के विचारों को आत्मसात करेंगे।
श्री तिवारी ने कहा कि झारखंड में युवाओं की अनदेखी और लगातार बढ़ता भ्रष्टाचार अब उनके बर्दाश्त से बाहर है। राज्य की युवा शक्ति को उचित अवसर, सम्मान और रोजगार मिलना चाहिए। बेरोजगारी, शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े सवालों को पार्टी पूरी मजबूती के साथ उठाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल राजनीतिक मुद्दा बनाना उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनके समाधान के लिए ठोस पहल करना आवश्यक है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में पार्टी आम जनता की आवाज बनकर काम करेगी। जनसमस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार की नीतियों, सुशासन और विकास की सोच को जन-जन तक पहुंचाते हुए दोनों राज्यों में जनता दल (यूनाइटेड) को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना उनका लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *