इबोला को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी अस्पतालों को दिए सख्त निर्देश

रांची: झारखंड में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी से एलर्ट मोड में है। हालांकि अब तक झारखंड में इबोला के किसी भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह से तैयार रखा गया है।
वहीं बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर राज्य में इबोला से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के बाद उन्होंने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों एवं संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को सख्त निर्देश दिया कि भारत सरकार द्वारा जारी इबोला संबंधी गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अस्पताल किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट करें तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जांच, आइसोलेशन और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संबंधित एजेंसियों के समन्वय से निगरानी और आवश्यक स्क्रीनिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण या जोखिमपूर्ण यात्रा का इतिहास सामने आने पर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत उसकी जांच और आवश्यक चिकित्सकीय कार्रवाई की जाए। सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य ने आम लोगों को इबोला वायरस के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि इबोला वायरस डिजीज एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो इबोला वायरस के कारण होती है। यह बीमारी कुछ मामलों में जानलेवा भी साबित हो सकती है। संक्रमण के बाद 2 से 21 दिनों के भीतर लक्षण सामने आ सकते हैं। शुरुआत में मरीज को अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। बीमारी बढ़ने पर उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और गंभीर स्थिति में शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है। इसलिए इसके लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इबोला मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून, उल्टी, दस्त तथा शरीर के अन्य संक्रमित तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क से भी संक्रमण का खतरा हो सकता है। संक्रमित मरीज की देखभाल करते समय पर्याप्त सुरक्षा उपायों का पालन करना बेहद जरूरी है। यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता। इसलिए लोगों को अनावश्यक भयभीत होने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी और जागरूकता बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इबोला से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई, संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से संपर्क से बचाव, आवश्यक PPE किट का इस्तेमाल, सुरक्षित सैंपल कलेक्शन और निर्धारित आइसोलेशन प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने या अफवाह फैलाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रांची स्थित रिम्स में इबोला से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 12 नवंबर को मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी। इस तरह की तैयारियों का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को किसी भी संभावित परिस्थिति के लिए पहले से प्रशिक्षित और सक्षम बनाना है।
मंत्री ने बताया कि जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभी तक झारखंड में इबोला का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है। लेकिन हम किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहते। मैंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि रिम्स से लेकर राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों तक हर जगह पूरी तैयारी रहे। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य की जनता से अपील की कि इबोला को लेकर घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। जागरूक रहें, सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *