पुराने झारखंड भवन में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, बैद्यनाथ राम ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली स्थित पुराने झारखंड भवन में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम शामिल हुए। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल और उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर ने भी भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर बैद्यनाथ राम ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल इतिहास के महानायक नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने संघर्ष, त्याग और अदम्य साहस से आदिवासी समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक किया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा अपने समाज के हक के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना और उन संसाधनों की रक्षा करना, जिनके लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके विचारों और आदर्शों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कार्यों में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह के माध्यम से धरती आबा के संघर्ष, सामाजिक चेतना और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *