हत्या के आरोप में मिली उम्र कैद की सजा माफ़
रांची: हजारीबाग में करीब 19 साल पुराने एक बच्चे की कुएं में डूबने से मौत के मामले में झारखंड हाइकोर्ट ने महिला को बड़ी राहत दी है. अदालत ने सौतेली मां शबनम खातून को हत्या के आरोप में मिली उम्रकैद की सजा रद्द कर दी है. अदालत ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों में कई विरोधाभास और गवाहों के बयानों में विसंगतियां पायीं. कोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में सफल नहीं रहा. न्यायमूर्ति आनंद सेन और न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने पांच अक्तूबर 2026 को यह फैसला सुनाया.

हाइकोर्ट ने फैसले में कहा कि अभियोजन का मुख्य आधार दो गवाहों के बयान थे. इनमें एक मृत बच्चे की 14 वर्षीय बहन थी. उसने घटना को देखने की बात कही थी, लेकिन जिरह के दौरान स्वीकार किया कि उसे अदालत में क्या कहना है, यह बताया गया था. उसने यह भी कहा था कि पुलिस के सामने पहले उसका बयान दर्ज नहीं हुआ था. इस आधार पर अदालत ने उसे पढ़ाया गया गवाह माना और उसके बयान पर भरोसा नहीं किया.
दूसरे गवाह के रूप में जीवित बचे बच्चे ने सौतेली मां पर दोनों बच्चों को कुएं में डालने का आरोप लगाया था. हालांकि, जिरह में उसने कहा कि सौतेली मां उसकी देखभाल करती थी, खाना खिलाती थी और जरूरत पड़ने पर उसकी मदद करती थी. उसने यह भी बताया कि घटना के समय उसकी मां कपड़े धोने नदी गयी थी. अदालत ने इन बयानों को अभियोजन के आरोपों से विरोधाभासी माना.
अदालत ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टर की गवाही पर भी गौर किया. डॉक्टर ने मौत का कारण डूबने से दम घुटना बताया था, लेकिन जिरह में स्वीकार किया कि मृत बच्चे के पेट में पानी नहीं मिला था. कोर्ट ने इसे भी संदेह पैदा करने वाला तथ्य माना.
खंडपीठ ने यह भी कहा कि अभियोजन हत्या के पीछे कोई ठोस मकसद साबित नहीं कर सका. गवाहों के बयानों में विरोधाभास और घटनास्थल पर महिला की मौजूदगी को लेकर संदेह के आधार पर अदालत ने अपील स्वीकार कर ली.
हाइकोर्ट ने शबनम खातून को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मिली दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा रद्द कर दी. अदालत ने निर्देश दिया कि यदि वह किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं, तो उन्हें तत्काल जेल से रिहा किया जाये. इसके साथ ही उनकी आपराधिक अपील स्वीकार कर ली गयी.


