अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक की सड़कों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण की तैयारी
रांची: रांची की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है. राज्य सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग के शेष बचे हिस्से के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत होने वाले इस निर्माण कार्य पर लगभग 23.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल रांची की देखरेख में यह काम कुल 3.450 किलोमीटर की लंबाई में पूरा किया जाएगा. विभाग ने इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 13 महीने की समय-सीमा निर्धारित की है. काम की रफ्तार और गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए तीन चरण तय किए गए हैं. इसके तहत पहले 3.25 महीने में 25 प्रतिशत, 6.50 महीने में 50 प्रतिशत और 13 महीने में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा. यदि समय से पहले काम पूरा किया जाता है तो बोनस का प्रावधान भी रखा गया है, जबकि देरी होने पर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा.


