दादी की विरासत को डिजिटल दुनिया में दे रहीं नई आवाज, अंगिका छठ गीतों की पहचान बन रहीं भागलपुर की अर्पिता
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर: आधुनिकता की दौड़ में जहां लोक संस्कृति और पारंपरिक गीतों की मिठास धीरे-धीरे कम होती जा रही है, वहीं भागलपुर की युवा लोक गायिका अर्पिता चौधरी अपनी सुरीली आवाज से अंग की सांस्कृतिक विरासत को नई जिंदगी देने में जुटी हैं। उनके लिए गायन महज शौक नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, भाषा और परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का एक संकल्प है।
डिजिटल दौर को सांस्कृतिक संरक्षण का माध्यम बनाकर अर्पिता अंगिका लोकगीतों, खासकर छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों को नई पहचान दिला रही हैं। उनकी इसी साधना और समर्पण ने उन्हें ‘अंग कोकिला’ के रूप में पहचान दिलाई है।
अर्पिता के सुरों के पीछे उनकी दादी फूलमनी चौधरी की अनमोल विरासत छिपी है। बचपन में दादी से सुने और सीखे पारंपरिक गीत आज उनके संगीत सफर की सबसे बड़ी प्रेरणा बन गए हैं। जिस लोक परंपरा को उन्होंने परिवार के आंगन में सुना था, उसी को अब डिजिटल मंचों के जरिए दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं।
अर्पिता अब तक आधा दर्जन से अधिक पारंपरिक छठ गीतों को अपनी आवाज दे चुकी हैं। इन गीतों को यूट्यूब और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रही हैं, ताकि नई पीढ़ी भी अंगिका गीतों की मिठास और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित हो सके।
अर्पिता का लक्ष्य केवल छठ गीतों तक सीमित नहीं है। वे जीवन के 16 पारंपरिक संस्कारों से जुड़े लोकगीतों को भी संरक्षित करना चाहती हैं। जन्म से लेकर विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर गाए जाने वाले इन गीतों में अंग क्षेत्र की सामाजिक परंपराएं, भावनाएं और जीवन दर्शन समाहित हैं।
अर्पिता का प्रयास इस बात का उदाहरण है कि आधुनिक तकनीक केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि लोक संस्कृति को बचाने का प्रभावी माध्यम भी बन सकती है। सोशल मीडिया के साथ आकाशवाणी भागलपुर के जरिए भी वे अंगिका छठ गीतों की प्रस्तुति दे रही हैं। इससे क्षेत्रीय भाषा और लोक संगीत को व्यापक श्रोताओं तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।आज जब नई पीढ़ी का बड़ा हिस्सा डिजिटल दुनिया में सक्रिय है, ऐसे में अर्पिता उसी मंच पर अपनी भाषा और संस्कृति की पहचान मजबूत करने में जुटी हैं।
अर्पिता चौधरी की कहानी सिर्फ एक लोक गायिका की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि उस पीढ़ी की उम्मीद भी है जो आधुनिकता के साथ अपनी परंपराओं को भी जीवित रखना चाहती है। दादी से मिली गीतों की थाती को डिजिटल पीढ़ी तक पहुंचाने का उनका प्रयास अंगिका भाषा और लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उनकी आवाज में केवल छठ के गीत नहीं गूंजते, बल्कि अंग की मिट्टी, लोकजीवन और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत भी सुनाई देती है।



