स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की पहल, सभी जिलों के सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan सुविधा शुरू करने की तैयारी
रांची: झारखंड में कैंसर मरीजों को इलाज के खर्च से राहत दिलाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने पहल की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि केंद्र सरकार की नई व्यवस्था के तहत 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी की गई है। यह व्यवस्था 9 नवंबर से प्रभावी हो गई है।
मंत्री ने कहा कि नई कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुंचाने के लिए एसओपी तैयार की जाएगी और दवा विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इसके अलावा राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan मशीनें लगाने की तैयारी है। जिला स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा भी मजबूत की जाएगी, ताकि बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर इलाज शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में सरकार का प्रयास है कि पैसे की कमी के कारण किसी मरीज का इलाज नहीं रुके।



