निशा भगत मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, थाना घेराव और झारखंड बंद की चेतावनी

गणादेश,रांची : आदिवासी नेत्री स्वर्गीय निशा कुमारी भगत की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।केंद्रीय सरना समिति, जनजातीय सुरक्षा मंच, क्षेत्रीय सरना समिति समेत विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने चड़री सरना समिति के सामुदायिक भवन में संयुक्त प्रेस वार्ता कर मामले में नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पहले पिठोरिया थाना का घेराव, इसके बाद रांची बंद और फिर झारखंड बंद किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि निशा भगत अपने धर्म, समाज और आदिवासी संस्कृति की रक्षा के साथ-साथ भूमाफियाओं और सरकारी तंत्र के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही थीं। उनका आरोप है कि इस कारण उन्हें चरित्र हनन और मानसिक एवं सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने निशा भगत की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
संगठनों ने निशा भगत के फेसबुक लाइव में लिए गए नामों और उनके पिता हांदु भगत की ओर से पिठोरिया थाना में दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पिठोरिया थाना प्रभारी की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
जनजातीय सुरक्षा मंच के संदीप उरांव ने कहा कि निशा भगत का निधन आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने घोषणा की कि रांची में निशा भगत की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके।
वहीं, झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति, धुर्वा के अध्यक्ष मेघा उरांव ने कहा कि निशा भगत के निधन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को समाज जवाब देगा। केंद्रीय सरना समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य सरकार पर आदिवासियों की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता में सोमा उरांव, सनी उरांव, करमा तिग्गा, गुरुचरण मुंडा, विक्रम उरांव समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *