दीपावली मुहूर्त ट्रेडिंग में जीसीएल ड्रीम्स के कार्यालय में उमड़े निवेशक, सैकड़ों लोगों ने किया कारोबार
गणादेश,रांची : दीपावली के अवसर पर शेयर बाजार में होने वाली पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग को लेकर निवेशकों में खासा उत्साह देखने को मिला। राजधानी रांची के डंगराटोली स्थित पेंटालून भवन की छठी मंजिल पर संचालित जीसीएल ड्रीम्स के कार्यालय में भी मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों निवेशकों ने एक घंटे तक चले लाइव ट्रेडिंग सत्र में हिस्सा लिया।

जीसीएल ड्रीम्स के ईस्ट जोन मैनेजर मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि भारतीय शेयर बाजार में दीपावली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग की विशेष परंपरा है। इस दिन शुभ मुहूर्त में एक घंटे के लिए बाजार खुलता है और निवेशक शेयरों की खरीद-बिक्री करते हैं। उन्होंने बताया कि जीसीएल ड्रीम्स के कार्यालय में निवेशकों के लिए लाइव ट्रेडिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां कई निवेशकों ने बैठकर बाजार में निवेश किया।
उन्होंने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, बीमा और अन्य वित्तीय उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराती है। ग्राहकों को उनकी आय, बजट और जरूरत के अनुसार निवेश के विकल्पों के बारे में बताया जाता है। उन्होंने सलाह दी कि लोगों को अपनी आर्थिक क्षमता के अनुरूप निवेश करना चाहिए और किसी भी वित्तीय उत्पाद में पैसा लगाने से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श लेना चाहिए। निवेश की शुरुआत छोटी राशि से भी की जा सकती है।
मुहूर्त ट्रेडिंग में शामिल निवेशक अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद वह लगातार निवेश कर रहे हैं और उन्हें इससे लाभ मिला है। हालांकि, उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में निवेश हमेशा सोच-समझकर करना चाहिए। वहीं, निवेशक यश गौरव ने बताया कि वह बेहतर शेयरों की पहचान कर उनमें निवेश करना चाहते हैं, ताकि भविष्य में अच्छा रिटर्न मिल सके।
कार्यालय की कर्मचारी खुशी और अनुजा ने बताया कि यहां शेयर ट्रेडिंग, म्यूचुअल फंड, बीमा और अन्य वित्तीय सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कंपनी की ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से भी ग्राहक निवेश संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।


