पीए-पीएस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात, संगठन की गतिविधियों की दी जानकारी
गणादेश,रांची : पीए-पीएस एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और संस्था का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही एसोसिएशन के गठन, उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि झारखंड के सभी विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के यहां कार्यरत निजी सहायकों (पीए) एवं आप्त सचिवों (पीएस) को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से एसोसिएशन का गठन किया गया है। इस मंच से जनप्रतिनिधियों से जुड़े विधायी कार्यों और सदन की कार्यवाही के संचालन में सहयोग करने वाले निजी सहायक एवं आप्त सचिव जुड़े हुए हैं।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने विधायक जीवन से जुड़े विभिन्न अनुभव भी साझा किए।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला, उपाध्यक्ष विजय श्री, महासचिव पवन कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता, सचिव दिनेश चंद्र प्रमाणिक, निर्भय कुमार, आलोक कुमार झा, संयुक्त सचिव समीर महतो तथा सदस्य मनीष कुमार, कैलाश प्रसाद, इस्तेयाक आलम और आदित्य राज गोल्डी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



