28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, 25 सितंबर को राज्यव्यापी बंद का निर्णय

रांची : 108 एंबुलेंस सेवा के जिला स्तर पर संचालन, कर्मचारियों के वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में संघ के प्रदेश एवं सभी जिलों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि एमडी, एनएचएम कार्यालय की ओर से राज्य के सभी सिविल सर्जनों को जिला स्तर पर 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कई जिलों में जिला स्तर से एंबुलेंस सेवा का संचालन अब तक शुरू नहीं किया गया है। संघ का आरोप है कि पूर्व में सरकार के समक्ष कई बार मांगें रखने और आश्वासन मिलने के बावजूद उनका प्रभावी तरीके से समाधान नहीं हुआ।
संघ ने वर्तमान 108 एंबुलेंस सेवा की टेंडर प्रक्रिया को पूरी तरह निरस्त करने, सिविल सर्जन के माध्यम से जिला स्तर पर सेवा का संचालन शुरू करने, कंपनी द्वारा हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा सेवा में बहाल करने तथा कर्मचारियों को सभी वैधानिक श्रमिक अधिकार उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ ने सरकार को 8 सितंबर तक जिला स्तर पर एंबुलेंस सेवा शुरू करने का आग्रह किया था, लेकिन समय-सीमा बीतने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया।
निर्णय के अनुसार 10 से 12 सितंबर तक जिलों से राज्य सरकार को पत्र भेजे जाएंगे। 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। 19 सितंबर को सभी जिलों में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 21 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालयों में भिक्षा कार्यक्रम होगा। 23 सितंबर को सिविल सर्जन और उपायुक्त कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर को राज्यव्यापी एकदिवसीय पूर्ण हड़ताल करते हुए नामकुम स्थित एनएचएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
संघ ने कहा कि कर्मचारी 108 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा को बाधित नहीं करना चाहते, लेकिन लगातार अनदेखी के कारण उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है। संघ ने सरकार से आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने से पहले सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।
बैठक में रमाशंकर प्रसाद, मुकेश कुमार, अजय कुमार दांगी, रविकांत देव, मृत्युंजय कुमार, कुणाल बनर्जी, सुखलाल उरांव, मदन कुमार, आशीष कुमार, चंदन कुमार, ललन चौधरी, राजू ठाकुर, राजेश कुमार, राम कुमार, नेहाल कुमार, ओम विजय, निशा प्रभा, आनंद कुमार, निर्भय राणा, सुरेंद्र लहरी, रविंद्र शर्मा, सुखबीर उरांव, पंकज कुमार, मनोज साहू, कृष्ण कुमार यादव समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *