चैम्बर चुनाव: टीम तुलसी पटेल ने व्यापारियों से किया संवाद, समस्याओं को लेकर खुलकर रखी बात

रांची: फेडरेशन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, चुनाव मैदान में उतरी टीमों ने व्यापारियों से संपर्क तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को टीम तुलसी पटेल की ओर से होटल कैपिटल हिल में व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में राजधानी के विभिन्न बाजारों और व्यापारिक संगठनों से जुड़े प्रमुख व्यवसायी शामिल हुए। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं और उनके समाधान के लिए ठोस पहल की मांग की।
संवाद कार्यक्रम में अपर बाजार, पंडरा बाजार, पार्किंग, ट्रैफिक, अतिक्रमण, जीएसटी, बिजली बिल, सड़क, सुरक्षा और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री सहित कई मुद्दे प्रमुखता से उठे। व्यापारियों ने कहा कि राजधानी के प्रमुख बाजारों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव व्यापार को प्रभावित कर रहा है।
व्यवसायी ओम प्रकाश सर्राफ ने कहा कि इस बार टीम तुलसी को मौका मिलना चाहिए। समस्याएं अनेक हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि जो टीम समय पर समस्याओं का समाधान कराने में सक्षम हो, वही व्यापारियों के हित में बेहतर काम कर सकती है।
किरीट ठक्कर ने मेन रोड की नाली और पार्किंग की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में नाली भर जाती है, जबकि पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग की।
आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ के रोहित कुमार ने सड़क, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने की मांग की। उन्होंने बाजार समिति में सुरक्षा को लेकर चैंबर की आगामी कार्ययोजना स्पष्ट करने की बात कही। उन्होंने कहा कि फेडरेशन आज विशाल वट वृक्ष की तरह हो गया है, लेकिन व्यापारियों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है।
व्यापारियों ने शाम के समय भारी वाहनों की नो-एंट्री, अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम का मुद्दा भी उठाया। लालजी गली में ऑटो के कारण लगने वाले जाम को दूर करने की मांग की गई। व्यापारियों ने कहा कि अपर बाजार में पार्किंग की गंभीर समस्या है। यहां मल्टीलेवल पार्किंग की आवश्यकता है।
रौनक पोद्दार ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और जीएसटी से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि स्टॉक दूसरे राज्यों में शिफ्ट होने से स्थानीय कारोबार प्रभावित हुआ है। उन्होंने व्यापारियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की मांग की। लालपुर और सर्कुलर रोड की ट्रैफिक समस्या को भी दूर करने की बात कही गई।
व्यापारियों ने रायपुर की तर्ज पर रांची में भी व्यवस्थित होलसेल मंडी विकसित करने तथा शहर के आसपास बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग की। वहीं पंजाबी हिंदू बिरादरी सहित कई व्यापारियों ने टीम तुलसी के प्रति अपना समर्थन जताया।
प्रमोद कुमार ने कहा कि चैंबर में ऐसी मजबूत टीम होनी चाहिए, जिसकी बात सरकार और प्रशासन गंभीरता से सुने। मनोज काबरा ने राजधानी में सुबह के समय भी ऑटो जाम की समस्या का मुद्दा उठाया और मनमानी पर लगाम लगाने की मांग की।
ललित ओझा ने कहा कि हर वर्ष होने वाले चैंबर चुनाव में व्यापारियों को ऐसी टीम चुननी चाहिए, जो मजबूत और सक्रिय हो। उन्होंने टीम तुलसी को शुभकामनाएं दीं। अमित शर्मा ने भरोसा जताया कि टीम के प्रयास से एक वर्ष के भीतर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने की दिशा में ठोस काम होगा।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने टीम तुलसी के सभी सदस्यों की अनुभवी और मजबूत टीम के रूप में सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि यदि पूरी टीम मजबूत होकर चुनाव जीतती है तो व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा। चैम्बर चुनाव 13 सितंबर को प्रस्तावित है।टीम तुलसी पटेल में अमित शर्मा,आदित्य साह,अनिल अग्रवाल,अरुण भारतीय,ज्योति कुमारी,साहित्य पवन,कमलेश संचेती,कुलवंत सिंह,मनीष सर्राफ,मोनिका गोइंका,नवज्योत अलंग,राहुल साबू,पूजा धाधा,रोहित अग्रवाल,राम बांगर,रोहित पोद्दार,विकास विजयवर्गीय,विनीता सिंघानिया,शैलेश अग्रवाल सहित 21 सदस्य चुनावी मैदान में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *