11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नगर भवन में योग शिविर का आयोजन

खूंटी: 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज प्रातः 6 बजे से जिला आयुष समिति, खूंटी के तत्वावधान में नगर भवन, खूँटी में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक राम सूर्या मुण्डा, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, परियोजना निदेशक आईटीडीए, सिविल सर्जन समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, कर्मी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्र शेखर प्रसाद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
योगाभ्यास का संचालन प्रशिक्षक नमित नाग एवं उपेंद्र नारायण द्वारा किया गया, जिसमें ताड़ासन, वृक्षासन, कटि-आसन, प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, कपालभाती, अनुलोम-विलोम जैसे विविध योगासनों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में “निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध” सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई, जिसमें समाज को नशा मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा एवं उनके संदेशों को आत्मसात किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *