विस्थापित गांवों में पहुंचे बाबूलाल मरांडी, मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा
रांची : पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के दो कोल ब्लॉक से विस्थापित गांवों का झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दौरा किया। उन्होंने चिलगो, विशनपुर और आलूबेड़ा विस्थापित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों से सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने विस्थापन के बाद सामने आ रही समस्याओं और गांव में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर अपनी बात उनके समक्ष रखी।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विस्थापित परिवारों को जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मुद्दों को लेकर सरकार से पहल करने की मांग की।
बता दें कि अमड़ापाड़ा प्रखंड के नॉर्थ एवं साउथ कोल ब्लॉक में बीजीआर और डीबीएल कंपनी द्वारा वर्षों से कोयला उत्खनन एवं परिवहन का कार्य किया जा रहा है। कोयला खनन के कारण क्षेत्र के कई गांव विस्थापन और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों का सामना कर रहे हैं।
मौके पर पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, अमृत पांडेय, दुर्गा मरांडी, धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


