होटवार जेल में युवक से सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार, जेल अधीक्षक और डॉक्टर समेत 19 आरोपी
रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में बंद रहे बीस वर्षीय युवक के साथ हिरासत में नशीला पदार्थ पिलाकर तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार करने, शिकायत पत्र फाड़ने और इलाज से इन्कार करने के मामले में खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित युवक के पिता नंदकिशोर शर्मा की लिखित शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित मेकोन कॉलोनी के निवासी हैं।पुलिस ने मामले में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर और वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया है। रांची की अदालत ने पीड़ित युवक को 12 जून को एक मामले में बरी किया था। जेल से छूटने के बाद मानसिक सदमे से जूझ रहे युवक ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।प्राथमिकी में आरोपियों को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी में जेल परिसर के भीतर बंद पिंटू (वार्ड 14), अरविंद गुप्ता (वार्ड 14), साहिल अंसारी (वार्ड 15), साहिल साह (वार्ड 15), रबिसर लोहरा (वार्ड 15), पवन (कैंटीन बॉय, वार्ड 14), मंटू (वार्ड 14), धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव (वार्ड 15), बल्लू (वार्ड 15), रेहान गोलू (वार्ड 15), गोलू साव (वार्ड 15), पोगो (अज्ञात), वार्ड नंबर 15 का वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव (वार्ड 14) को नामजद किया गया है। वहीं दूसरी श्रेणी में लोक सेवक के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर को साजिशकर्ता तथा सह-आरोपी के रूप में शामिल किया गया है।प्राथमिकी के अनुसार, जेल के भीतर गिरोह ने तीन अलग पर्वों की रात युवक को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया।पहली घटना, महाशिवरात्रि की रात घटी, जब आरोपियों ने बीस वर्षीय युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप करके उसे ‘पार्वती’ घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन तरल नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह अचेत हो गया। बेहोशी की हालत में आरोपी उसे घसीटकर वार्ड नंबर 3-ए में ले गए और सामूहिक अप्राकृतिक दुष्कर्म किया, जिससे उसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।दूसरी घटना, रामनवमी की रात हुई, जब उसी गिरोह ने युवक को जबरन ‘सीता’ का रूप देकर नशीला पदार्थ खिलाया और 3 नंबर ग्राउंड हॉल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।तीसरी घटना, सरहुल पूजा की रात अंजाम दी गई, जब आरोपी उसे घसीटते हुए वार्ड नंबर पांच स्थित सरहुल वार्ड में ले गए और फिर सामूहिक दरिंदगी की।आवेदन में जेल प्रशासन के अधिकारियों पर आपराधिक कृत्य में शामिल होने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत तैयार करके वार्ड इंचार्ज को सौंपी थी, लेकिन वार्ड इंचार्ज ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए शिकायत पत्र को फाड़कर फेंक दिया। दरिंदगी के कारण निजी अंग से भारी रक्तस्राव होने पर जब पीड़ित इलाज कराने जेल अस्पताल पहुंचा, तो वहां तैनात मेडिकल ऑफिसर ने भी उसके साथ अभद्रता की। मेडिकल ऑफिसर ने युवक की शारीरिक जांच करने से साफ इन्कार कर दिया और बिना किसी प्राथमिक उपचार के उसे वापस भेज दिया। इसके अतिरिक्त, 12 जून को जेल से रिहा करते समय भी प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन करते हुए पीड़ित की कोई चिकित्सीय जांच नहीं कराई गई। फिलहाल खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।



