हजारीबाग में अवैध स्टोन क्रशरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नौ क्रशर सील

रांची : हजारीबाग जिले में अवैध खनन और अवैध स्टोन क्रशरों के संचालन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर सहायक समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सदर और पदमा प्रखंड क्षेत्र में अभियान चलाकर नौ अवैध स्टोन क्रशरों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान खनिज लदे एक ट्रक को भी जब्त किया गया है।
जिला प्रशासन को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से स्टोन क्रशर संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सदर प्रखंड के मेरू में संचालित छह अवैध स्टोन क्रशरों को सील किया गया। वहीं, सिलवार में संचालित एक स्टोन क्रशर के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया। इसके अलावा पदमा प्रखंड के सरैया क्षेत्र में संचालित दो अवैध स्टोन क्रशरों को भी सील किया गया।
इस तरह प्रशासनिक कार्रवाई में कुल नौ अवैध स्टोन क्रशरों को सील किया गया है। संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान मेरू क्षेत्र में संचालित कुछ स्टोन क्रशरों से संबंधित सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) की वैधता समाप्त पाई गई। इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पदमा क्षेत्र में जांच के दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, अवैध स्टोन क्रशर संचालन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *