रांची आईआईएम हॉस्टल में छात्र की मौत पर बवाल, प्रबंधन के खिलाफ भड़के विद्यार्थी
रांची : राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित आईआईएम के हॉस्टल में एक छात्र की मौत के बाद शनिवार देर रात को संस्थान में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने संस्थान के प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान के हॉस्टल में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर उपलब्ध हो जाते और उचित चिकित्सा सहायता मिलती, तो आदित्य की जान बचाई जा सकती थी। डॉक्टर के पहुंचने में कथित देरी को लेकर छात्रों ने नाराजगी जताई और प्रबंधन से जवाबदेही तय करने की मांग की।
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी पुलिस बल के साथ हॉस्टल परिसर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित विद्यार्थियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। छात्र के परिजनों और सहपाठियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
प्रारंभिक चर्चा में परीक्षा का पेपर बेहतर नहीं होने को आत्महत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं। फिलहाल छात्र के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना ने संस्थान की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।


