मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में इंटरमीडिएट महाविद्यालय, महागामा की शासी निकाय की हुई बैठक
महागामा: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में इंटरमीडिएट महाविद्यालय, महागामा की शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुचारू संचालन, संस्थान के विकास और विद्यार्थियों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श किया गया। साथ ही महाविद्यालय के बेहतर प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन को लेकर आवश्यक नीतिगत निर्णयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पीएफ एवं नए वेतनमान, रिक्त पदों पर नियुक्ति, महाविद्यालय द्वारा अर्जित कोष की राशि का महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के बीच वितरण, नए प्रिंसिपल के पदस्थापन तथा अनुदान की राशि से 10 प्रतिशत राशि अवकाश प्राप्त कर्मचारियों के बीच वितरण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर माननीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बेहतर शिक्षा, सुदृढ़ व्यवस्था और विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य हमारी प्राथमिकता है। महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में शासी निकाय के सदस्य इंटरमीडिएट महाविद्यालय महागामा के सचिव नवल किशोर प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, जैक प्रतिनिधि मो. सिराजुद्दीन, प्रभारी प्राचार्य मो. मोहिउद्दीन एवं शिक्षक प्रतिनिधि श्री सजल हजारी उपस्थित रहे।


