बेरमो में अवैध कोयला तस्करी का जाल, कई रास्तों से हो रही ढुलाई

बेरमो। बेरमो अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, भंडारण और ढुलाई को लेकर चर्चा तेज है। कुछ जगहों पर बीते दो-चार दिनों से गतिविधियां बंद होने की बात कही जा रही है, तो वहीं कुछ क्षेत्रों में अब भी ढुलाई जारी रहने की सूचना है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बोड़िया से जंगल के रास्ते निकासी की चर्चा
बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के बोड़िया बस्ती स्थित मैगजीन के समीप पिछले करीब एक वर्ष से अवैध कोयला कारोबार संचालित होने की चर्चा है। बताया जाता है कि यहां 12 और 16 चक्का ट्रकों पर कोयला लोड कर जंगल के रास्ते बाहर भेजा जाता है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी तीन खेप निकलने की चर्चा है, हालांकि फिलहाल किसी कारण से गतिविधि बंद बताई जा रही है।

पेक-नारायणपुर, जारंगडीह, कथारा और नावाडीह में भी चर्चा
पेकनारायणपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों की देखरेख में कारोबार चलने की चर्चा है। एक पुलिस पदाधिकारी के दो ट्रैक्टर और एक पिकअप वैन के इस्तेमाल का दावा भी किया जा रहा है।

जारंगडीह क्षेत्र में पिकअप वैन से कोयला लोड किए जाने की चर्चा है, जिसे स्थानीय स्तर पर संतोष नामक व्यक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी तरह कथारा ओपी क्षेत्र में ट्रकों से ढुलाई और दीपक नामक व्यक्ति की कथित भूमिका, जबकि नावाडीह थाना क्षेत्र में मंडल नामक व्यक्ति के जुड़े होने की चर्चा है।

इन रास्तों से प्लांटों तक पहुंचने की चर्चा
स्थानीय चर्चा के अनुसार चरकपनिया से पलामू, नावाडीह और नर्रा होते हुए दुग्दा थाना क्षेत्र के कोयला प्लांटों तक, वहीं फुसरो से भंडारीदह होते हुए दुग्दा तथा बोकारो-झरिया ओपी क्षेत्र के प्लांटों तक अवैध कोयला पहुंचाए जाने की बात कही जा रही है।

अवैध कारोबार के कथित दबदबे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक पत्रकार पर हमले की घटना में पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष की चर्चा है। वास्तविक स्थिति निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *