पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 1:40 बजे निधन हो गया। उन्होंने लगभग 91 वर्ष की उम्र में जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से सायरा मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सायरा मुंडा सरल और मृदुभाषी स्वभाव की महिला थीं। उनके निधन से अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। मां के निधन पर अर्जुन मुंडा ने अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “मां, तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वह सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।” उनके इस संदेश से मां को खोने का दर्द और भावनात्मक जुड़ाव साफ झलकता है।
सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को जमशेदपुर स्थित स्वर्णरेखा नदी के बर्निंग घाट (मुक्तिधाम) पर किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा।
उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की है।

