TRENDING NOW

झारखंड से 15 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में होंगे शामिल , ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन: केशव महतो कमलेश

गणादेश,रांची : लोकतंत्र, संविधान और देश की संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक रैली में देशभर से कांग्रेस एवं इडिया  गठबंधन के 10 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है। झारखंड से भी 15 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा और वोट के अधिकार की लड़ाई को मजबूती देने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए एक निर्णायक जनआंदोलन है। आज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और जनता के वोट के अधिकार को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं।

कमलेश ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते और लोकतंत्र तथा मताधिकार पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस किसी भी कीमत पर लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देगी और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश के सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता लोकतंत्र और संविधान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है। रामलीला मैदान से उठने वाली आवाज पूरे देश में लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *