‘Run for Unity Marathon’ में दौड़े जिलावासी, एकता, आपसी सद्भाव एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

गणादेश,खूंटी: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आज बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खूंटी से ‘Run for Unity Marathon’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस दौरान 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग तथा 2.5 किलोमीटर महिला एवं बच्चों की दौड़ आयोजित की गई। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित, गोपनीय प्रभारी, कार्यपालक पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी अन्य पदाधिकारियों ने भी दौड़ में शामिल होकर एकता, आपसी सद्भाव एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
मैराथन के पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ में अमन शमद ने प्रथम, मोहन होरो ने द्वितीय तथा तरुण कच्छप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग की 2.5 किलोमीटर दौड़ में संगीता मरांडी ने प्रथम, मरियम भेंगरा ने द्वितीय तथा पेरोनिका सोरेन ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच पर आमंत्रित कर ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने जिलावासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस मैराथन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी को नियमित रूप से किसी न किसी शारीरिक गतिविधि से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने नशे की बुरी आदतों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। हम सभी को नशामुक्ति के संकल्प को अपने जीवन में उतारना चाहिए तथा अपने भाई-बहनों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने आगे भी इस प्रकार के आयोजन कर लोगों को जागरूक कर जनभागीदारी और बढ़ाने की बात कही। अंत में उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहभागी सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि ‘Run for Unity Marathon’ जैसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों को ‘Say No to Drugs’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *