चतरा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, राहुल दुबे गैंग का अपराधी घायल
रांची : झारखंड में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार की सुबह चतरा जिले के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का अपराधी विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल विकास कुमार को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई में टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में कोयलांचल क्षेत्र में एक निजी कार्य एजेंसी के कार्यालय में हुई अंधाधुंध फायरिंग के बाद से पुलिस राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी।
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ अपराधी सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अपराधियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
गौरतलब है कि दो दिन पहले राहुल दुबे गिरोह के चार बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। अपराधियों ने मौके पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी भी ली थी।
इसी घटना के बाद पुलिस गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही थी। मुठभेड़ के बाद एसपी अनिमेष नैथानी वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है।


