अंतिम पड़ाव पर पहुंचा जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026, सात अक्टूबर को होगा समापन

रांची: राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित जेसीआई का बहुप्रतीक्षित एक्सपो उत्सव 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। सात दिवसीय यह भव्य व्यापारिक एवं मनोरंजक मेला सात अक्टूबर को समाप्त हो जाएगा। एक्सपो के 29वें संस्करण में देश के विभिन्न शहरों से आए करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं।
महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष पिंक हैंगर बनाया गया है, जबकि बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि व्यापार के साथ मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को भी आयोजन में शामिल किया गया है।
एक्सपो परिसर में अपोलो क्लिनिक की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को परामर्श दिया। पांच अक्टूबर को आयोजित योग प्रतियोगिता में 140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, बुटिक्स एक्सपो फैशन शो में 23 मॉडलों ने रांची के छह प्रमुख डिजाइनरों के परिधानों का प्रदर्शन किया।
सोमवार को स्वामी सहजानंद ब्रिजफोर्ड स्कूल के करीब 100 बच्चों ने एक्सपो पहुंचकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। छह अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
एक्सपो के मीडिया प्रभारी वरुण जलान ने बताया कि राजधानी रांची के अलावा अन्य जिले के लोगों की भी एक्सपो में उपस्थिति हो रही है। एक्सपो में लगे स्टॉल को लोग पसंद कर रहे हैं और खरीदारी कर रहे हैं। सबसे अधिक एक्सपो में फूड कोट में भीड़ हो रही है। यहां के लजीज व्यंजनों का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर को मेले के समापन के साथ इस वर्ष के एक्सपो उत्सव का औपचारिक समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *