सरस आजीविका मेले में झारखंड की महिलाओं की गूंज,25 लाख से अधिक का कारोबार, कला और व्यंजनों ने जीता दिल
रांची :नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 5 से 22 सितंबर तक आयोजित सरस आजीविका मेला झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़ी सफलता साबित हुआ। राज्य की महिलाओं ने अपने ब्रांड ‘पलाश’ और ‘आदिवा’ के माध्यम से राष्ट्रीय पटल पर पहचान बनाई और 25 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया।
‘पलाश’ ब्रांड के रागी लड्डू, शुद्ध शहद, काले गेहूं का आटा, अरहर दाल, साबुन और लेमनग्रास ऑयल दिल्लीवासियों को खूब पसंद आए। वहीं, गोड्डा जिले की सोनी देवी ने तसर सिल्क की साड़ियाँ और सूट पीस बेचकर अकेले 3 लाख रुपये का कारोबार किया।
महिलाओं द्वारा बनाए गए पारंपरिक आभूषणों का ब्रांड ‘आदिवा’ भी मेले का आकर्षण रहा। 200 रुपये के झुमकों से लेकर 6 हजार रुपये तक के चाँदी व धातु के गहनों ने खरीदारों को खूब लुभाया।
झारखंडी व्यंजन भी कम नहीं रहे। धूसका, दाल पीठा और घूग्नि ने दिल्लीवासियों का दिल जीत लिया और महिलाओं ने 3 लाख रुपये से अधिक की कमाई की। मेले में झारखंड को लाइव फूड श्रेणी में तीसरा पुरस्कार भी मिला।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महिलाओं की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया।



