देश के नए राष्ट्रपति के लिए वोटिंग शुरू, झारखंड विधानसभा में सबसे पहले बीजेपी विधायक अनंत ओझा ने डाला वोट

रांचीः देश के 16 वें राष्ट्रपति के लिए संसद भवन और राज्यों के विधानसभा में वोटिंग शुरू हो गई है। संसद भवन में पहला वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाला। वहीं झारखंड विधानसभा में पहला वोट बीजेपी विधायक अनंत ओझा ने डाला। इसके बाद बीजेपी के एमएलए नवीन जायसवाल और भानु प्रताप शाही ने वोट डाला। बताते चलें कि इस चुनाव में देश के करीब 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक मतदान करेंगे. बीजेपी के आदिवासी कार्ड ने राष्ट्रपति चुनाव में गैर एनडीए दलों को भी साथ आने पर मजबूर कर दिया है. यही वजह है कि झारखंड में कांग्रेस के सहयोग से सरकार चला रही झामुमो को द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में आना पड़ा. ओडिसा के द्रौपदी मुर्मू के होने के कारण बीजू जनता दल का साथ मिल रहा है. इसके अलावा तेलंगाना की वीआरएस कांग्रेस और शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट ने भी द्रौपदी को समर्थन कर दिया है. राष्ट्रपति चुनाव में कुल 1086431 वोटों का आंकड़ा होता है, जिसमें संभावना जताई जा रही है कि द्रौपदी मुर्मू को 6.67 लाख वोट मिलेंगे जो निर्णायक मत से लगभग एक लाख से ज्यादा है. यशवंत सिन्हा को 4.19 लाख वोट अबतक के गणित के हिसाब से मिल रहे हैं. जीत के लिए 540065 वोट चाहिए.झारखंड में दो तिहाई से ज्यादा वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलता दिख रहा है. द्रौपदी मुर्मू को झामुमो के 30 विधायकों और तीन सांसदों के अलावा भाजपा के 26 विधायकों और 13 सांसदों, आजसू के दो विधायकों और एक सांसद का वोट तो मिल ही रह है इसके अलावा एनसीपी के एक व एक निर्दलीय विधायक का भी समर्थन है. जबकि यशवंत सिन्हा को कांग्रेस के 18 विधायकों और दो सांसदों के साथ राजद के एक वोट मिलते दिख रहे हैं. झारखंड में एक विधायक के वोट का मूल्य 176 है और एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *