गोड्डा में लाखों की लागत से बनी दो सड़कों की उखड़ने लगी परतें, ग्रामीणों ने किया हंगामा
रांची: झारखंड के गोड्डा जिले में लाखों रुपये की लागत से निर्मित दो सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पनडुब्थान पंचायत के पुनसिया धरमुडीह में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण सड़क की परतें उखड़ने लगी हैं और पीसीसी सड़क कई जगहों पर टूट रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक सड़क की ऊपरी परत पापड़ की तरह उखड़ रही है, जबकि दूसरी पीसीसी सड़क भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ सवाल उठाए। हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद विभाग के अधिकारी और कनीय अभियंता (जेई) भी घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण रात के समय कराया जाता है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर लगाए गए शिलापट्ट पर अब तक योजना की लागत, सड़क की लंबाई-चौड़ाई, योजना का नाम और संवेदक का विवरण अंकित नहीं किया गया है। इससे निर्माण कार्य में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का कार्य संवेदक अवधेश यादव द्वारा कराया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मानकों के अनुरूप सड़क का दोबारा निर्माण कराया जाए।
गौरतलब है कि गोड्डा जिले से हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट मंत्री हैं। इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों ने विकास योजनाओं की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोपों पर विभाग और संबंधित संवेदक का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।


