झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल आयोजन को लेकर डीसी-एसपी ने की ब्रीफिंग

खूंटी: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर आज समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि खूंटी जिले में परीक्षा के आयोजन हेतु कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 11 हज़ार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दिनांक 01 नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 04:30 बजे तक निर्धारित है।
संयुक्त ब्रीफिंग में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ करने का निर्देश दिया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की समुचित जांच, कदाचार पर प्रभावी रोक तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने पर विशेष जोर दिया गया।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला कंट्रोल रूम एवं साइबर सेल को पूरी तरह से सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए है।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी समस्या या अप्रिय घटना की स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित वरीय पदाधिकारियों को दें, जिससे समय पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *