संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने पंचायत स्तर पर किया शक्ति प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

खूंटी : खूंटी जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा को दोबारा जिला की कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। पुनः जिम्मेदारी मिलने के बाद रवि मिश्रा पूरी तत्परता के साथ संगठन को मजबूत करने के कार्य में जुट गए हैं।
रविवार को उन्होंने कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत पंचायत स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने भूत, लादुंप, तिलमा, डाडीगुटू और बारूडीह पंचायतों का दौरा कर पंचायत कमिटी के नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं पार्टी का पट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर रवि मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीति, सिद्धांत और विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पंचायत कमिटी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के लाभ को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जहाँ भी विकास कार्यों में लापरवाही या अनियमितता दिखे, उसकी जानकारी तुरंत जिला नेतृत्व को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि पाण्डेया मुण्डू, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता गोप, फिरोज आलम उर्फ बब्लू जी, अनमोल होरो, निर्मल उरांव, दयाराम मुण्डा, मगतराय टुटी, दानियल टुटी सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *