आज कटिहार में गरजेंगे पीएम मोदी,एन डी ए प्रत्याशी के लिए मांगेंगे वोट
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार परवान पर है। एनडीए और इंडिया गठबंधन के स्टार प्रचारक अपने अपने प्रत्याशियों को जीताने के लिए धुंआधार प्रचार में लगे हुए हैं। वहीं पीएम मोदी भी बिहार में लगातार दौरा कर वोटरों को साधने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज यानी सोमवार को कटिहार में तीन बजे भसना मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा को विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों को लगभग अंतिम रूप चुके हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। कटिहार जिला प्रभारी सुनील सिंह, रैली प्रभारी विनोद गोटिया, भाजपा जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य टंडन ठाकुर ने रविवार को सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। पीएमओ सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला अधिकारी मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सभा स्थल पर सुरक्षा जांच और विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने खास रूट चार्ट तैयार किया है। वाहन पार्किंग की व्यवस्था और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगभग 300 ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गई है।
भसना में आयोजित यह कार्यक्रम करीब 50 एकड़ भूमि में हो रहा है। कोलकाता की आद्री कंपनी द्वारा 1,35,000 वर्गफुट क्षेत्र में विशाल टेंट लगाया जा रहा है। इसमें करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंच निर्माण और सुरक्षा के काम में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।



