बारात बनी रणभूमि: नाच-गाने के बीच छेड़खानी से भड़का बवाल, दूल्हा-दुल्हन पक्ष पर हमला; जेवरात तक लूटे

भागलपुर। जिले के पीरपैंती इलाके में रविवार देर रात शादी का जश्न उस वक़्त दहशत में बदल गया, जब बारात में डांस कर रही नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की घटना ने माहौल को भड़का दिया। आरोप है कि महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वाले युवकों ने विरोध होने पर न सिर्फ मारपीट शुरू कर दी, बल्कि दुल्हन के जेवरात भी लूटकर फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक, दूल्हा मिथिलेश कुमार अपनी बारात लेकर चना मोड़िया गांव जा रहा था। सीमानपुर मोड़ के पास हनुमान मंदिर में रुकने के दौरान महिलाएं डीजे पर डांस कर रही थीं। इसी दौरान मोहम्मद हल्लो अंसारी का बेटा मोहम्मद मोजशम (20) वहां पहुंचा और बारात की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि उसने डांस कर रही 15 वर्षीय नाबालिग लड़की जो दूल्हे की भांजी है के कपड़े तक खींचकर फाड़ दिए।

विरोध पर ताबड़तोड़ हमला

जैसे ही बाराती पक्ष ने इसका विरोध किया, विवाद बढ़ गया। गुस्से में मोहम्मद मोजशम ने नाबालिग को जमीन पर पटक दिया। दूल्हे के पिता के अनुसार इसके बाद मो हकीकत अंसारी, मो मेराज अंसारी, मो आंसर अंसारी, मो रहबर अंसारी, मो हल्लो अंसारी और उनके परिवार के सदस्यों समेत करीब 50 लोग इकट्ठा हो गए और गाली-गलौज करते हुए बारातियों पर हमला कर दिया।

दूल्हे ने भागकर बचाई जान, बाराती भी चोटिल

हमले में दूल्हा मिथिलेश और कई बाराती गंभीर रूप से चोटिल हुए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दूल्हे समेत सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने को मजबूर हो गए।
जब पूरा बाराती दल वहां से निकल गया, तब आरोपियों ने मौके पर खड़ी गाड़ियों में रखे दुल्हन के जेवर लूट लिए।

पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार

सूचना मिलते ही इशीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी आरोपी फरार हो गए। दूल्हे के पिता राजहंस ठाकुर ने पूरे मामले की शिकायत लिखित रूप में दर्ज कराई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *