महागठबंधन के नेताओं ने कहा-झारखंड में अब भाजपा की दाल गलने वाली नहीं

रांची: कोल्हान के चाईबासा स्थित टाटा कॉलेज मैदान से अमित शाह ने विजय संकल्प रैली के माध्यम से 2024 के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है।

इस दौरान अमित शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला है। साथ ही यह भी कहा कि झारखंड में बदहाल विधि व्यवस्था पर बराबर शिकायत मिल रही थी। पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने भी हेमंत सोरेन सरकार को अपदस्त करने की मांग किया था। लेकिन लोकतंत्र में किसी भी सरकार को बनाना और गिराना जनता के हाथ में होता है। आने वाले 2024 के चुनाव में जनता हेमंत सोरेन सरकार को विदा कर देगी।
वहीं अमित शाह के भाषण पर महागठबंधन में कांग्रेस,राजद,झामुमो और जेडीयू ने प्रतिक्रिया व्यक्त कर भाजपा पर जमकर हमला बोला है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रांजन प्रसाद ने कहा कि भाजपा का चाल और चरित्र जनता जान चुकी है। खासकर बाबूलाल मरांडी पर हमला करते हुए कहा कि स्वयं अमित शाह ने मंच से बाबूलाल मरांडी का नाम लेते हुए कहा है कि गठबंधन की सरकार को अपदस्त करने का प्रयास इनलोगो ने किया है। जनता के फैसले के सहारे सरकार बदला जा सकता है। इस लिए भाजपा लाख कोशिश कर ले,अब झारखंड में भाजपा को सफलता हाथ लगने वाली नहीं है। यही कारण है की पिछले कई उप चुनाव में जनता ने भाजपा को बाहर का रस्ता दिखाने का काम किया है। 2024 में इनका पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।
वहीं प्रदेश युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि झारखंड में पिछले पंद्रह साल से भाजपा ने कीचड़ जमा दिया है। उस कीचड़ को महागठबंधन की सरकार हटाने का काम कर रही है। झारखंड की जनता भाजपा की मंशा को समझ चुकी है। आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा को निराशा हाथ लगने वाली है।
प्रदेश राजद प्रवक्ता अनिता यादव ने कहा कि झारखंड में जितने भी उप चुनाव हुए हैं उसपर भाजपा को पराजय ही हाथ लगी है। भाजपा के नेताओं का काम लंबी बातें करना,लंबी फेकना है। हेमंत सोरेन की गठबंधन सरकार पूरी तरह से मजबूत है और जनता के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी ही जीतेंगे।
वहीं जेडीयू के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार ने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा से अजीज आ चुकी है। यहां पर चाहे अमित शाह आए या स्वयं पीएम मोदी ही क्यों न आ जाए,झारखंड में अब भाजपा का कुछ होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले दिनों झारखंड में एक सर्वे कराया था। उस सर्वे में भाजपा को लोकसभा चुनाव में पांच से छह सीटें ही जीतने का दिखाया गया है। इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा का यहां से सुफड़ा ही साफ हो जाएगा।
झामुमो विधायक बैधनाथ राम ने कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ और सिर्फ फेकते हैं। जनता का वोट लेने के लिए झूठे वादे करते हैं। भाजपा का पूरे देश में जनाधार कम हो रहा है और यह लोकसभा चुनाव में दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *