समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में अविस्मरणीय है तटरक्षक बल का योगदान: संजय सेठ
नई दिल्ली। हमारी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में आप सभी तटरक्षक बल परिवार का योगदान अविस्मरणीय है। समुद्री सीमाओं में शांति स्थापित रहे, इस क्षेत्र में आप जो कार्य करते हैं इसके लिए संपूर्ण राष्ट्र आपके प्रति कृतज्ञता प्रकट करता है। समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में सर्वस्व बलिदान करने वाली तटरक्षकों के प्रति अपने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में कहीं। रक्षा राज्य मंत्री भारतीय तटरक्षक बल के 49वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री सेठ ने कहा कि समुद्री सीमाओं की सुरक्षा बहुत बड़ा विषय है और तटरक्षक बल पूरी मुस्तैदी के साथ समर्पित होकर इस कार्य को करते हैं। विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी हमारी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है। आप सब भारत माता की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। यह स्थापना दिवस आपके त्याग, बलिदान, तपस्या और समर्पण को याद करने के साथ ही आपके प्रति, आपके परिवार जनों के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है। आपके इस समर्पण और सुरक्षा के कार्य में आपके परिवार का योगदान भी अतुलनीय होता है। श्री सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में भी ऐतिहासिक बदलाव किए हैं, जिसका परिणाम दिख रहा है। हमारे जवानों को कई अत्याधुनिक उपकरण प्रदान किए गए। हम समुद्री सीमाओं के मामले में तकनीकी रूप से भी मजबूत हो रहे हैं। यह एक सुखद बदलाव है। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने सभी जवानों को और उनके परिजनों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर सीडीएस श्री अनिल चौहान, वायु सेवा प्रमुख मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, भारतीय तटरक्षक बल के निदेशक श्री परमेश सिवामणि भी मौजूद रहे।