चाय बेचने वाले आज देश बेच रहे हैं – भागलपुर में इमरान प्रतापगढ़ी का भाजपा पर तीखा वार, बोले- चौकीदार ने कपड़ों से लेकर चिता तक पर जीएसटी लगा दी
भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनावी रण के बीच कांग्रेस के स्टार प्रचारक और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने शनिवार को भागलपुर के नाथनगर स्थित सिटीएस चर्च मैदान में एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में आयोजित इस सभा में प्रतापगढ़ी ने एक के बाद एक तंज कसे और मोदी सरकार की नीतियों को जनता के सामने कटघरे में खड़ा किया।सभा में उमड़े जनसैलाब के बीच प्रतापगढ़ी ने अपने चिर-परिचित शेरो-शायरी वाले अंदाज़ में कहा, जो कभी चाय बेचने का दावा करते थे।अब वही देश को नीलाम करने निकले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भागलपुर की एक हजार एकड़ उपजाऊ जमीन सरकार ने महज़ एक रुपए में अडानी समूह को सौंप दी, जिससे किसानों की आजीविका पर खतरा मंडरा रहा है।प्रतापगढ़ी ने कहा, आज हालत ये है कि चौकीदार ने कपड़ों, कफन और चिता तक पर जीएसटी बढ़ा दी है। आम आदमी की रसोई से लेकर जनाजा तक टैक्स में जकड़ा हुआ है। सभा के दौरान उन्होंने महिलाओं, युवाओं और बुनकरों के लिए कई वादों का पिटारा भी खोला। उन्होंने घोषणा की कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो14 जनवरी को महिलाओं के बैंक खातों में 30 हजार रुपये जमा किए जाएंगे,गरीबों को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, बुनकरों को बिजली बिल में छूट और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, गैस सिलेंडर सिर्फ 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।प्रतापगढ़ी ने कहा कि यह सिर्फ चुनावी वादे नहीं, बल्कि बिहार में ‘बदलाव की नई कहानी’ की शुरुआत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे धर्म और जाति की राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के विकास के लिए वोट करें। सभा के अंत में इमरान प्रतापगढ़ी ने जनता से कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा, अगर बिहार बदलना है तो तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना होगा और अजीत शर्मा को जिताना होगा। सभा के दौरान भीड़ बार-बार इमरान जिंदाबाद और महागठबंधन एक बार फिर के नारों से गूंजती रही।



