तजना नदी डबल मर्डर केस का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
खूंटी : खूंटी जिले के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन सहित कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास एक अज्ञात युवक और एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में खूंटी थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने सती देवी, जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक तथा विजय रंजन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (JH-15AA-5556), मृतक की मोटरसाइकिल (JH-02AY-7875), हत्या में इस्तेमाल दो लोहे की रॉड, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, आरोपियों के मोबाइल फोन, घटनास्थल से मृतका की चप्पल, आरोपियों के चप्पल तथा घटना के बाद जलाए गए कपड़ों की राख बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों एवं अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस पूरे कांड के उद्भेदन में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, खूंटी थाना की पुलिस टीम, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



