अगली पीढ़ी को हरा-भरा झारखंड देने का संकल्प लें: दीपिका पांडेय सिंह

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय से PASWA के “वन स्टूडेंट, वन ट्री” अभियान के तहत पौधारोपण कर देशभर में 50 लाख पौधे लगाने के महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नशा मुक्ति को बढ़ावा देने के लिए ड्रग्स विरोधी जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।
मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व का एहसास कराया है। उन्होंने बताया कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में अब तक डेढ़ लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि झारखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने 2 करोड़ 75 लाख से अधिक वृक्ष लगाकर सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को हरा-भरा झारखंड देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दीपिका पांडेय सिंह ने PASWA के “वन स्टूडेंट, वन ट्री” अभियान की सराहना करते हुए प्रत्येक छात्र से एक पौधा लगाने और हर परिवार से उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीएवी नंदराज के प्राचार्य आर.पी. तिवारी, डीएवी बरियातू के प्राचार्य एस.के. मिश्रा, गुरुनानक पब्लिक स्कूल की प्राचार्या गुरमीत कौर, PASWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *