दिल्ली दरबार में हाजिरी के बाद लौटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मंत्री, नाराज पांचों विधायक नहीं दिखे साथ
रांची : कांग्रेस आलाकमान के साथ दिल्ली में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस कोटे के सभी मंत्री और अधिकांश विधायक गुरुवार देर शाम रांची लौट आए। हालांकि, पार्टी के पांचों नाराज विधायक इस दौरान उनके साथ नजर नहीं आए, जिससे प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक को झारखंड कांग्रेस के संगठनात्मक भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद रांची पहुंचने पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से प्रदेश कांग्रेस को कई महत्वपूर्ण और स्पष्ट दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में मनरेगा बचाओ संग्राम, एसआईआर समेत अन्य ज्वलंत मुद्दों पर आगे की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के भीतर असंतोष की खबरों पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पांचों विधायक मंत्रियों के कामकाज से नाराज नहीं थे। उन्होंने बताया कि विधायकों ने संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और उनकी उपेक्षा से जुड़े मुद्दों को आलाकमान के समक्ष रखा था, जिसे शीर्ष नेतृत्व ने गंभीरता से सुना है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर विधायकों और मंत्रियों के बीच समन्वय की कमी को लेकर चर्चाएं सामने आ रही थीं। इसी क्रम में पांच विधायकों के दिल्ली जाकर अपनी नाराजगी जाहिर करने की खबरों ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी थी। अब आलाकमान के साथ हुई बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व संगठन को मजबूती देने की दिशा में सक्रिय नजर आ रहा है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार बजट सत्र के समापन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जल्द ही राजधानी रांची का दौरा कर सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर किए जा रहे प्रयासों पर आलाकमान ने संतोष और प्रसन्नता जताई है।



