हामिन आदिवासी रे’ का हुआ विशेष प्रीमियर, सांसद सुखदेव भगत ने कलाकारों का बढ़ाया हौसला

गणादेश,रांची : जोया सीरीज के तत्वावधान में निर्मित नागपुरी आदिवासी एल्बम ‘हामिन आदिवासी रे’ का शुक्रवार को रांची स्थित गैलेस्किया सिनेमा हॉल में विशेष प्रीमियर शो आयोजित किया गया। एल्बम में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा, रीति-रिवाज और आदिवासी जीवनशैली को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

प्रीमियर शो में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए। उन्होंने एल्बम से जुड़े सभी कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एल्बम के निर्माण से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है। इससे कलाकारों में छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी मिलता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की संस्कृति बेहद समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के नृत्य और संगीत में ऐसी जीवंतता है कि हर कोई इसकी धुन पर झूमने को मजबूर हो जाता है। स्थानीय भाषा, कला और संस्कृति को फिल्मों एवं एल्बम के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है।

एल्बम की निर्माता जोया एक्का, निर्देशक छोटू लोहार, अभिनेत्री प्रिया वर्मा और अभिनेता आशीष कुजूर ने बताया कि ‘हामिन आदिवासी रे’ केवल एक संगीत एल्बम नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध परंपरा, अनमोल संस्कृति, भाषा, रीति-रिवाज, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता को समर्पित एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि एल्बम के माध्यम से झारखंड से जुड़ी विभिन्न सांस्कृतिक विशेषताओं को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

प्रीमियर शो के दौरान सूरज टोप्पो, फुलचंद तिर्की और एंजल लकड़ा ने एल्बम की सराहना की। मौके पर राजू तिर्की, मोनिका मुंडू, चांदनी बड़ाईक, नितेश कच्छप, निलेश कुमार, रंजू मिंज, दिनेश देवा और रमन गुप्ता सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *