विधानसभ अध्यक्ष ने की सर्वदलीय बैठक, 23 फरवरी को मतदान के दिन अवकाश करने का फैसला
रांची :झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र को लेकर मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बजट सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च तक आहूत है। सत्र के सफल और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, आजसू विधायक दल के नेता तिवारी महतो, संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर एवं विधानसभा सचिव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। जदयू के सरयू राय बैठक में अनुपस्थित रहे।
बैठक में बजट सत्र की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने, प्रश्नकाल की प्रभावशीलता बढ़ाने तथा लंबित आश्वासनों की संख्या कम करने पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी। उस दिन निर्धारित कार्यवाही 21 फरवरी को संपन्न की जाएगी, ताकि सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकें।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बैठक में कई सदस्यों के महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिन पर सकारात्मक पहल की जाएगी। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए मतदान के दिन अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में आजसू नेता तिवारी महतो ने रामगढ़ और हजारीबाग क्षेत्र में बढ़ते हाथी हमलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जंगली हाथियों के हमलों से कई ग्रामीणों की मृत्यु हो चुकी है तथा किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस पर राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
अंत में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि बजट सत्र के सफल संचालन को लेकर सभी दलों ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया



