जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता संपन्न, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 7 खिलाड़ियों का चयन

भागलपुर। चार दिवसीय जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-16 बालक वॉलीबॉल, कबड्डी तथा फुटबॉल के फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का समापन सहायक समाहर्ता जतिन कुमार के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

वॉलीबॉल: बिहपुर बना चैंपियन

अंडर-16 बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल बिहपुर और खरीक के बीच खेला गया, जिसमें बिहपुर ने 2-0 से आसान जीत दर्ज की। वहीं दूसरा सेमीफाइनल सन्हौला ने नाथनगर को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबले में बिहपुर और सन्हौला के बीच जबर्दस्त टक्कर देखने को मिली। तीन सेटों के इस मुकाबले में बिहपुर ने 2-1 से सन्हौला को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। बिहपुर के प्रियांशु कुमार और सन्हौला के उमर अब्दुल ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका कुमार शुभम और साकेत कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर रहीं श्रीमती खुशबु कुमारी और सुश्री शिवानी कुमारी।

कबड्डी: नाथनगर और कहलगांव की जीत

अंडर-16 बालक वर्ग में नाथनगर ने सुल्तानगंज को 26 अंकों के अंतर से हराकर फाइनल मुकाबला जीता। बालिका वर्ग में कहलगांव ने बिहपुर को 13 अंकों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फुटबॉल: कहलगांव ने मारी बाज़ी

फुटबॉल फाइनल में कहलगांव ने नाथनगर को 3-1 से पराजित किया। इस जीत के साथ कहलगांव प्रखंड ने फुटबॉल चैंपियनशिप अपने नाम की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 7 खिलाड़ियों का चयन

प्रतियोगिता के आधार पर कुल सात खिलाड़ियों का चयन किया गया है जो आगामी राज्य स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जो पटना में आयोजित होगी।

समापन समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल सचिव अजय राय, उपाध्यक्ष निखिल राय, मृणाल किशोर, राष्ट्रीय रेफरी संदीप कुमार, राजवर्धन कुमार, अभय कुमार मिश्रा, कुंदन कुमार, शुभम कुमार, विक्की कुमार समेत कई खेलप्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *