विक्रमशिला महोत्सव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, पंडाल निर्माण शुरू, लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर के आने की संभावना

भागलपुर। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध विक्रमशिला महाविहार की धरती एक बार फिर उत्सव के रंग में रंगने जा रही है। विक्रमशिला महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भागलपुर के कहलगांव प्रखंड स्थित विक्रमशिला खुदाई स्थल के समीप पर्यटक स्थल के लिए अधिग्रहित भूमि पर भव्य पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर चल रही तैयारियों के बीच यह महोत्सव 13, 14और 15मार्च 2026को आयोजित होना तय है। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार जुटे हुए हैं। महोत्सव स्थल और आसपास के क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार का अभियान भी तेज कर दिया गया है। शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक स्वागत द्वार, बैनर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया है।

महोत्सव की तैयारी का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं। पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि आने वाले दर्शकों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस बार महोत्सव के उद्घाटन समारोह को खास बनाने की भी तैयारी है। लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर के आने की संभावना जताई जा रही है। उनके आगमन की खबर से स्थानीय लोगों और संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य भी लगातार कार्यक्रम स्थल पर डटे हुए हैं। नगर पंचायत के अध्यक्ष संजीव कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार राणा और चिक्कू सिंह रघुवंशी सहित अन्य सदस्य व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। महोत्सव में मैथिली ठाकुर के आने की प्रबल संभावना की पुष्टि आयोजन समिति के सदस्यों ने की है।

ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक परंपरा के संगम के रूप में आयोजित होने वाला यह महोत्सव न केवल भागलपुर बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का अवसर माना जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत-संगीत और विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाली हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिभावान कलाकारों को भी मौका मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *