अपराध नियंत्रण पर सख्त हुई पुलिस, डीजीपी तदाशा मिश्रा ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करने का दिया निर्देश

रांची: राज्य में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध की वर्तमान स्थिति, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा उग्रवाद एवं संगठित अपराध पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत मासिक अपराध समीक्षा से हुई, जिसमें डीजीपी ने सभी जिलों से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने धमकी, लेवी वसूली, आगजनी और तोड़फोड़ जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में शामिल फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जप्ती की कार्रवाई तेज की जाए तथा आवश्यकतानुसार इनाम घोषित कर गिरफ्तारी प्रक्रिया को गति दी जाए। साथ ही प्राप्त आसूचनाओं का त्वरित सत्यापन कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नक्सल विरोधी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आत्मसमर्पण नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्थानीय नेटवर्क, मुखबिर तंत्र और डिजिटल निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ कर खुफिया जानकारी संग्रह बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। जमानत पर रिहा उग्रवादियों और अपराधियों की विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में लूट, हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार, पोक्सो एक्ट और साइबर अपराध सहित अन्य संगीन मामलों की समीक्षा करते हुए सभी जिलों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीजीपी ने प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक एवं क्षेत्रीय उप-महानिरीक्षकों को निर्देशों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी देते हुए प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर पुलिस पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करने को कहा।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक, सीआरपीएफ रांची सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह, विशेष शाखा के पुलिस महानिरीक्षक प्रभात कुमार, अभियान के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकलराज एस., प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा सहित राज्य के सभी जिलों के एसपी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *