हमारे ही साथी ने झूठा आरोप लगाकर मुझे तीन महीने तक जनता से दूर रखा : राजेश कच्छप

रांची: कोलकाता कैशकांड में हाईकोर्ट से रेगुलर बेल मिलने के बाद खिजरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक राजेश कच्छप अपने क्षेत्र पहुंच चुके हैं।

रविवार को धुर्वा स्थित अपने सरकारी आवास से विधायक अपने समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल जुलूस की शक्ल में भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। विधायक ने भगवान जगन्नाथ के द्वार पर माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

पूजा अर्चना करने के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक ने कहा कि खिजरी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड में सुख समृद्धि आए, इसके लिए जगन्नाथ स्वामी से आशीर्वाद लेने आया हूं। साथ ही पूरे उत्साह और उमंग के साथ सेवा का कार्य करु यह आशीर्वाद मांगा हूं।
वहीं कोलकाता कैशकांड पर कहा कि मुझे अपने ही दल के साथी ने निजी स्वार्थ के लिए फंसाया है। मुझे तीन महीने तक क्षेत्र की जनता से दूर रखा। भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करे। उन्होंने कहा कि उपरवाला सब देखता है। क्षेत्र की जनता की दुआ से सत्य की जीत हुई है। उस मामले में सरकार गिराने की कोई साजिश नहीं थी। उतने मामूली रकम के लिए हमलोगों को रिमांड पर लिया गया,पुलिस ने पूछताछ किया। लेकिन न्यायालय ने हमलोगों की बातों को सुना और सबूत के अभाव में बरी किया। विधायक ने कहा की बगैर सबूत के किसी को दोषी नहीं मान सकते हैं। बहुत सारे ऐसे  दोषी लोग हैं जो बाहर घूम रहे हैं। पार्टी में भी कुछ लोग दोषीवार हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जो अपने पॉवर के बदौलत चर्चा में रहना चाहते हैं।
उन्होंने कहा विधायकी सेवा के लिए होता है, धन कमाने के लिए नही होता है। धन कमाना है तो दलाली करिए और विधायकी छोड़ दीजिए। यदि सेवा करना है तो राजनीति में आइए।
उन्होंने कहा कि संगठन को मिलजुल कर विकास करने की जरूरत है। संगठन को भी हमलोगों की बातों को सुनना चाहिए। वहीं भारत जोड़ो अभियान पर कहा कि कांग्रेस का भारत जोड़ो अभियान काफी सफल हो रहा है। राहुल गांधी पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं,निश्चित रूप से आने वाला समय कांग्रेस का है और अगले प्रधानमंत्री के रूप में राहुल गांधी को पूरा देश देख रहा है। विधायक ने कहा कि विधानसभा के विशेष सत्र में 1923 खतियान आधारित नियोजन नीति और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण बिल पास कराया गया है। चुनाव से पहले गठबधन सरकार ने जनता से जो जो वादा किया था उसे पूरा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *