विजय सिंह की अंत्येष्टि, कई बीजेपी दिग्गजों समेत मांझी व प्रिंस राज पहुंचे

पटना : पटना में गुरुवार को बीजेपी नेता विजय सिंह की मौत के बाद से सियासी हंगामा बरपा हुआ है। इस बीच विजय सिंह का पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। फतुहा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर उनके अंतिम दर्शन करने के लिए बीजेपी के कई दिग्गज पहुंचे थे। साथ ही बीजेपी के साथ गठबंधन करने वाले पार्टियों के भी शीर्ष नेता शव यात्रा में शामिल हुए। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव, मंगल पांडेय, नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सहित कई दिग्गज पहुंचे थे। वहीं, इसके अलावा हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद प्रिंस राज भी श्मशान घाट पहुंचे थे।
जहानाबाद पार्टी ऑफिस में श्रद्धांजलि, शव यात्रा निकाली गई
इससे पहले जहानाबाद पार्टी ऑफिस में श्रद्धांजलि के लिए विजय सिंह का पार्थिव शरीर रखा गया, जहां भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंतिम नमन किया। फिर विजय सिंह की शव यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। पार्टी कार्यालय से चलकर शव यात्रा अरवल मोड़ पर पहुंची। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुलिस ने भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की थी।
फतुहा में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि गुरुवार की घटना ब्रिटिश सरकार की याद दिला दी है। जिस तरह ब्रिटिश सरकार ने जलियांवाला बाग में लोगों को कैद करके गोलियां चलाई थी, उसी तरह नीतीश सरकार की पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को पीटने का काम किया है। कोई भी सांसद, विधायक या मंत्री किसी को नहीं छोड़े। बीजेपी के सिपाही विजय सिंह की मौत हुई है। हम लोग मर्माहत हैं।
उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि बीजेपी हुड़दंग कर रही है, जबकि बिहार नहीं पूरे देश की जनता जानता है कि उनके शासनकाल में सिर्फ हुड़दंग ही हुआ है। हुड़दंग करना वे लोग जानते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कि नीतीश कुमार अभी चुप्पा बाबा हो गए हैं, वो कंबल ओढ़कर घी पी रहे हैं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में और 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता उन लोगों को सबक सिखा देगी।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि इनकी शहादत को बीजेपी भूलेगी नहीं। आज से हम लोग आंदोलन की शुरुआत किए हैं। आज हम लोग काला दिवस मना रहे हैं। सभी बीजेपी कार्यकर्ता नेता काला पट्टी लगाकर चल रहे हैं। प्रतिदिन हम लोग आंदोलन करेंगे और सरकार को जवाब देना पड़ेगा। यह एक घटना नहीं बल्कि पूरी तरह हत्या है। नीतीश सरकार ने यह हत्या करवाई हैं और इस हत्या का जवाब सरकार को देना पड़ेगा। हम लोग चुप नहीं बैठने वाले हैं।
वहीं, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि कल की घटना पूरी तरह तरह बदले की भावना को लेकर किया गया है। जिस तरह विधायक, सांसद और महिलाओं के साथ भी बर्बरता पूर्ण रवैया अपनाया गया, वह बर्बरता की हद है।
वहीं, पूर्व मंत्री और सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि कल की घटना से यह साफ लगता है कि नीतीश कुमार के इशारे पर पुलिस ने बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज किया था। इसमें पूरी तरह विजय कुमार सिंह की हत्या हुई है। इसका बदला बिहार की जनता लेकर रहेगी। उन्होंने कहा कि हम लोग तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मुझे अच्छी तरह से जानकारी है किस तरह लालू प्रसाद यादव नौकरी के बदले जमीन लिए थे और उसमें अपने बेटे के नाम किए थे, तो अब सीबीआई, ईडी कोई कार्रवाई कर रही है तो यह लोग केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। भ्रष्टाचारी का संरक्षण नीतीश कुमार दे रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *