गणतंत्र दिवस पर उप कारागार,खूंटी में जेल अदालत एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

गणादेश,खूँटी : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), खूँटी द्वारा 26 जनवरी 2026 को उप कारागार, खूँटी में जेल अदालत एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा न्याय तक सुलभता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया से अवगत कराना था।

शिविर के दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक प्रतिनिधित्व का अधिकार तथा त्वरित न्याय से संबंधित जानकारी दी गई। जेल अदालत को न्याय प्राप्ति का एक सशक्त माध्यम बताते हुए इसकी उपयोगिता को विस्तार से समझाया गया। साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया, जो समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए कार्यरत हैं।

इसी अवसर पर सदर अस्पताल, खूँटी के सहयोग से एक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों की रक्तचाप, रक्त शर्करा सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जाँच की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी विद्याावती कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी अमित आकाश सिन्हा, चिकित्सा पदाधिकारी संजय कुजूर, डीएलएसए खूँटी के सचिव कमलेश बेहरा, लीगल एड डिफेंस काउंसल एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपस्थित थे। जेल अदालत में निस्तारण योग्य कोई मामला नहीं पाया गया, फिर भी बंदियों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। डीएलएसए, खूँटी ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *