झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन की बात पर बोली मंत्री दीपिका पांडेय सिंह,जो व्यक्ति जेल जाना पसंद किया वह व्यक्ति बीजेपी के साथ सरकार कैसे बना सकता है

रांची: झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सिरे से खारिज करते हुए इसे बीजेपी की अफवाह बताई है। रांची में मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि बीजेपी महागठबंधन की मजबूत होती छवि से परेशान है और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार को जनता का स्पष्ट जनादेश मिला है, इसलिए इस तरह की अफवाहों का कोई आधार नहीं है।
मंत्री ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जो व्यक्ति जेल जाना पसंद किया लेकिन बीजेपी के साथ जाना नहीं, वह व्यक्ति विकास विरोधी कदम कभी नहीं उठा सकता। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमेशा जनता के विश्वास को प्राथमिकता दी है और बीजेपी के सामने झुकने का प्रश्न ही नहीं उठता।” उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार पूरी मजबूती से चल रही है और आगे भी स्थिरता के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित रोजगार गारंटी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुईं। बैठक में जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों, मजदूरों को उपलब्ध रोजगार, मजदूरी भुगतान की स्थिति और वित्तीय वर्ष में हुए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि यह बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होनी थी, लेकिन उनके राज्य से बाहर होने के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि रोजगार आज देश के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है, और झारखंड सरकार मनरेगा के माध्यम से रिकॉर्ड स्तर पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पेमेंट से जुड़ी समस्याओं पर केंद्र सरकार से लगातार संवाद हो रहा है। कृषि सशक्तिकरण के लिए चल रही दीदी बाड़ी योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि इस योजना से हजारों ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। बैठक में मनरेगा आयुक्त मृत्यंजय कुमार वर्णवाल सहित कृषि और जल संसाधन विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *