शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड में राजकीय शोक घोषित,पूरे राज्य में झुकेगा तिरंगा, सरकारी समारोह स्थगित

रांची : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्य सरकार ने शनिवार को राजकीय शोक की घोषणा की। इस दौरान पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी सरकारी समारोह स्थगित कर दिए गए हैं।
सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रामदास सोरेन का निधन झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक अनुभवी, जनसेवी और जनता से जुड़े नेता थे, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया गया। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। वहां से पार्थिव शरीर विधानसभा परिसर ले जाया गया, जहां मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद पार्थिव शरीर को घटशिला स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा। वहां आम जनता और स्थानीय लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रामदास सोरेन लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहे। शिक्षा मंत्री के रूप में उनकी पहचान एक कर्मठ और ईमानदार नेता की रही। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *