शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा,राजकीय सम्मान के साथ घटशिला में होगा अंतिम संस्कार
रांची : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह दिल्ली से रांची लाया गया। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर झामुमो कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।विधानसभा परिसर में अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो, पूर्व मंत्री बादाल पत्रलेख, विधायक राजेश काछप, प्रदीप यादव सहित कई नेताओं और मंत्रियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को झामुमो कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए ले जाया गया।अंतिम यात्रा घटशिला में निकाली जाएगी, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पार्थिव शरीर को जमशेदपुर स्थित आवास पर भी आम जनता के दर्शनार्थ रखा जाएगा।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “सोरेन दादा, आपका यूं चले जाना बेहद दुखद है।”ज्ञात हो कि 2 अगस्त को जमशेदपुर स्थित आवास में बाथरूम में गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी थी। ब्रेन हेमरेज के बाद उन्हें दिल्ली अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उनका निधन हो गया।रामदास सोरेन तीन बार घटशिला से विधायक चुने गए और वर्तमान में राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री थे।



