दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर खूंटी में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने उनके संघर्ष को किया याद
खूंटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की खूंटी जिला समिति की ओर से मंगलवार को जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद की अध्यक्षता में भगत सिंह चौक, खूंटी में दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

सभी ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड के लोगों के अधिकार, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी का संघर्ष, त्याग और जनसेवा आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए उनके विचारों को आगे बढ़ाना आवश्यक है।
वहीं, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि गुरुजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन की आत्मा थे। उन्होंने गरीब, आदिवासी, दलित और वंचित समाज की आवाज़ को नई पहचान दिलाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने कहा कि दिशोम गुरु के आदर्श और विचार झामुमो कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और संघर्ष से गुरुजी ने झारखंड को नई पहचान दिलाई, उसे आगे बढ़ाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उनके सिद्धांतों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर झामुमो की केंद्रीय सदस्य स्नेहलता कुंडलना, सुशांति कोनगाड़ी, मकसूद अंसारी, भोलानाथ लाल, अमृत हेमरोम, अमरनाथ मुंडा, देवनाथ मघैया, सनिका बोदरा, गुलशन सिंह मुंडा, मनोज मंडल, तौकीर आलम, शंकर सिंह मुंडा, प्रदीप केसरी, मोजीर अंसारी, बीरेंद्र सिंह, प्रकाश नाग मुंडा, राहुल केशरी, कमलेश महतो, मो. शमीम अंसारी, तनवीर खान, कुणाल मांझी, बसंत महतो, अभिमन्यु कुमार, दिलबर सुरीन सहित सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

