झारखंड वैश्य मोर्चा की नई 71 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी घोषित, 20 दिसंबर को रजरप्पा में शपथ ग्रहण
संघर्ष के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी :महेश्वर साहु
गणादेश,रांची : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की नई 71 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी की घोषणा गुरुवार को रांची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोका सभागार में की गई। प्रेस वार्ता में केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने बताया कि मोर्चा के 7वें स्थापना दिवस के बाद संगठन को और मजबूत बनाने व नए, सक्रिय व समर्पित सदस्यों को आगे लाने के उद्देश्य से कमेटी का पुनर्गठन किया गया है। प्रस्तावित 75 सदस्यीय समिति में चार पद रिक्त रखे गए हैं, जबकि जिलाध्यक्षों व प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की घोषणा 7 दिसंबर को होगी। सभी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण 20 दिसंबर को रजरप्पा में आयोजित किया जाएगा।
घोषित सूची के अनुसार महेश्वर साहु को फिर से केंद्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। रेखा मंडल, हीरानाथ साहु और अनंतलाल विश्वकर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वरीय उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, संगठन प्रभारी, कोषाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी सहित विभिन्न पदों पर बड़ी संख्या में नए सदस्यों को शामिल किया गया है। कमेटी में कई वरिष्ठ जन, युवा प्रतिनिधि और झारखंड आंदोलनकारी भी शामिल हैं।
इस मौके पर महेश्वर साहु ने कहा कि किसी भी संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए संगठन का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 40 प्रतिशत वैश्य आबादी के हितों, रोजगार और सम्मान की रक्षा वैश्य मोर्चा निरंतर करता रहा है। राज्य निर्माण में वैश्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में वैश्य-ओबीसी समाज के साथ लगातार उपेक्षा हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि अपनी मांगों को लेकर वैश्य मोर्चा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सड़क पर उतरने को भी तैयार है।



